April 3, 2026

फ्रांस के इस स्कूल में बच्चों के साथ अब पढ़ेंगी 5 गायें!

इस गांव ने स्कूल बचाने के लिए अपनाया अनोखा तरीका

मोश, शिक्षा विभाग के कड़े नियमों और गिरती छात्र संख्या के बीच अपना अस्तित्व बचाने के लिए फ्रांस के एक छोटे से गांव ने ऐसा रास्ता निकाला है, जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। मोश गांव के स्थानीय स्कूल में बच्चों की कमी के कारण एक कक्षा बंद होने की कगार पर थी, जिसे बचाने के लिए मेयर ने अनोखा दांव खेलते हुए गांव की 5 गायों का स्कूल में विधिवत दाखिला करा दिया है।

दरअसल, स्कूल की सबसे छोटी कक्षा में इस साल केवल 6 बच्चों ने ही प्रवेश लिया था। फ्रांस के शिक्षा नियमों के मुताबिक, किसी भी कक्षा को सुचारू रूप से चलाने के लिए छात्रों की एक न्यूनतम संख्या अनिवार्य है। केवल 4 बच्चों की कमी के कारण प्रशासन इस क्लास को बंद करने की तैयारी में था। गांव वालों को डर था कि अगर एक बार क्लास बंद हुई, तो धीरे-धीरे पूरा स्कूल ही खत्म हो जाएगा।

स्कूल को बचाने की इस मुहिम में गांव के मेयर और स्थानीय लोग एकजुट हो गए। उन्होंने एक स्थानीय किसान से संपर्क किया और उसकी 5 गायों- जिनके नाम जॉन एटीन, मोंटी, फिल और अन्य हैं को आधिकारिक तौर पर स्कूल के रजिस्टर में दर्ज करा दिया। गायों के इस ‘दाखिले’ के साथ ही स्कूल में छात्रों की आवश्यक संख्या पूरी हो गई और कागजी तौर पर क्लास बंद होने का खतरा टल गया।

गांव के मेयर ने इस फैसले का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि महज कुछ बच्चों की कमी की वजह से क्लास बंद करना पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया, हम एक कृषि प्रधान इलाके में रहते हैं। अगर हमें अपने स्कूल और बच्चों के भविष्य को बचाने के लिए गायों का सहारा लेना पड़ा, तो हमें इसमें कोई बुराई नजर नहीं आती। यह समाज और प्रशासन को एक कड़ा संदेश है।

स्थानीय अभिभावकों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। उनका मानना है कि यह कदम न केवल शिक्षा के प्रति उनकी संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि ग्रामीण समुदाय अपने संसाधनों को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। फिलहाल, ये पांचों ‘नए छात्र’ पूरे फ्रांस में सुर्खियों का केंद्र बने हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *