March 18, 2025

ओडिशा के नए सीएम होंगे मोहन माझी, भाजपा विधायक दल की बैठक में नाम पर लगी मोहर

नई दिल्ली : बीजेपी विधायक दल की बैठक में मोहन माझी के नाम पर मोहर लग गई है। वो बुधवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। चर्चा है कि पीएम मोदी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो सकते हैं।

राज्य में बीजेपी की प्रचंड जीत के बाद चर्चा थी कि भाजपा ओडिशा सीएम को लेकर धर्मेंद्र प्रधान के नाम पर चर्चा कर सकती है। मगर, संबलपुर सीट से सांसद धर्मेंद्र प्रधान मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में मंत्री बन गए हैं। इसलिए अब मुख्यमंत्री पद के लिए ब्रजराजनगर सीट से विधायक चुने गए सुरेश पुजारी का नाम चर्चा में है। साथ ही ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल के नाम की भी चर्चा है।

सामल चांदबली सीट पर महज 1,916 वोटों से विधानसभा चुनाव हारे हैं लेकिन मुख्यमंत्री पद के लिए उनके नाम की चर्चा लगातार हो रही है। इतना ही नहीं जम्मू कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश मुर्मू भी इस रेस में हैं। वो पीएम मोदी के करीब माने जाते हैं। जब मोदी गुजरात के सीएम थे तब मुर्मू उनके प्रधान सचिव थे।

ओडिशा भाजपा के कई नेताओं का ये भी मानना है कि पार्टी आलाकमान मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह किसी नए नाम का ऐलान करके सभी को चौंका भी सकता है। पार्टी नेताओं ने बताया कि 12 जून को शाम पांच बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। प्रधानमंत्री मोदी बुधवार दोपहर भुवनेश्वर पहुंच सकते हैं।