चंद्रयान-4 और गगनयान मिशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है इसरो
नई दिल्ली : इसरो प्रमुख सोमनाथ ने आगामी अंतरिक्ष मिशनों की तारीखों का खुलासा किया है। उन्होंने कहा , इसरो साल 2026 में गगनयान मिशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है। वहीं चंद्रयान मिशन साल 2028 में लॉन्च किया जा सकता है। इसरो प्रमुख ने ये ऐलान गत दिवस आकाशवाणी के सरदार पटेल मेमोरियल लेक्चर कार्यक्रम में शामिल होने मौके किया।
इसरो प्रमुख ने कहा कि मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान 2026 में लॉन्च होने की संभावना है। साथ ही चांद से सैंपल लेकर आने वाले मिशन चंद्रयान-4 को साल 2028 में लॉन्च किया जाएगा। वहीं भारत और अमेरिका के संयुक्त अभियान को साल 2025 में लॉन्च करने की योजना है। इसरो प्रमुख ने कहा कि चंद्रयान-5 मिशन जापान की अंतरिक्ष एजेंसी जाक्सा के साथ मिलकर पूरा किया जाएगा। हालांकि अभी इसमें समय है और इसके साल 2028 के बाद ही लॉन्च होने की उम्मीद है।
इसरो प्रमुख ने बताया कि चंद्रयान-5 मिशन इंसानों को चांद पर भेजने के लिहाज से बेहद अहम होगा। चंद्रयान-5 मिशन के तहत जो रोवर भेजा जाएगा, वो करीब 350 किलो का होगा। उन्होंने कहा चंद्रयान-5 मिशन का लैंडर इसरो बनाएगा, वहीं रोवर, जो 350 किलो का होगा, वह जापान द्वारा बनाया जाएगा।
