February 17, 2026

इजरायल देगा ट्रंप को शांति पुरस्कार, पहली बार किसी गैर-इजरायली को मिलेगा सम्मान

नई दिल्ली, इजरायल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को शांति पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फ्लोरिडा में ट्रंप से मुलाकात के बाद इस बात का ऐलान किया। यह पहली बार होगा जब इजरायल का यह सर्वोच्च सम्मान किसी गैर-इजरायली नागरिक को दिया जाएगा। बीते 80 वर्षों तक यह पुरस्कार केवल इजरायली नागरिकों के लिए ही आरक्षित था, जिसमें जुलाई 2025 में संशोधन किया गया था।

फ्लोरिडा के मार-आ-लागो में द्विपक्षीय वार्ता के बाद आयोजित संयुक्त प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने ट्रंप को यह सम्मान देने की घोषणा की। इस घोषणा से ट्रंप काफी खुश नजर आए और उन्होंने कहा कि उन्हें इस सम्मान की बिल्कुल भी उम्मीद नहीं थी।

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कई परंपराओं को तोड़ते हुए ऐसे फैसले लिए हैं, जिन्होंने दुनिया को चौंकाया है। इसी वजह से इजरायल ने भी एक नई परंपरा शुरू करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि जो सम्मान पिछले 80 वर्षों में किसी भी गैर-इजरायली नागरिक को नहीं दिया गया, अब वह सम्मान राष्ट्रपति ट्रंप को दिया जाएगा। नेतन्याहू ने यह भी बताया कि इजरायल के शिक्षा मंत्री ने लंच के दौरान इस पुरस्कार की घोषणा की थी।

नेतन्याहू की बात सुनते ही ट्रंप ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “वास्तव में यह आश्चर्यजनक है और इसकी सराहना की जानी चाहिए।” अब कयास लगाए जा रहे हैं कि इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ट्रंप इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं, जहां उन्हें औपचारिक रूप से यह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

गौरतलब है कि इजरायल शांति पुरस्कार देश का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है, जो कला, विज्ञान और शांति के क्षेत्र में असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को दिया जाता है। पहले यह सम्मान केवल इजरायली नागरिकों तक सीमित था, लेकिन जुलाई 2025 में नियमों में संशोधन कर विदेशी नागरिकों को भी इस पुरस्कार से सम्मानित करने का प्रावधान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *