February 22, 2026

महाशिवरात्रि पर शिव भक्तों के लिए शुभ समाचार : 10 मई से खुलेंगे श्री केदारनाथ धाम के कपाट

देहरादून : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव भक्तों के लिए खुशखबरी है। ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम के कपाट 10 मई को सुबह 7 बजे खुलेंगे। यह जानकारी श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने दी है। मंदिर समिति ने बताया कि पंचमुखी डोली 6 मई को श्री केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी और विभिन्न पड़ावों से होते हुए नौ मई की शाम को केदारनाथ धाम पहुंचेगी। कपाट खुलने की तिथि पचकदार गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय की मौजूदगी में आयोजित एक धार्मिक समारोह में तय की गई है।

गौर हो कि श्री केदारनाथ धाम उत्तराखंड के सबसे प्रसिद्ध मंदिरों में से एक है। हिमालय की चोटी और बर्फ से ढकी पहाड़ियों के बीच भगवान शिव के इस मंदिर के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं। केदारनाथ मंदिर भारत के उत्तराखण्ड राज्य के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित है। उत्तराखंड में हिमालय पर्वत की गोद में स्थित केदारनाथ मंदिर बारह ज्योतिर्लिंग में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *