June 18, 2026

पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की फ्रांस में हुई पहली बैठक

व्यापार से लेकर पश्चिम एशिया तक 9 मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक हुई। इस बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका साझेदारी की बढ़ती रणनीतिक अहमियत पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर चल रही बातचीत में बढ़ोतरी, रक्षा संबंधों को सुनिश्चित करने और पश्चिम एशिया से लेकर ग्लोबल शिपिंग रूट्स तक सुरक्षा चुनौतियों पर चर्चा की। फ्रांस के एवियन में जी7 से इतर हुई बातचीत में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका को रेखांकित किया गया। इसके साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ अपने व्यक्तिगत संबंधों और आपसी तालमेल को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। ट्रंप और पीएम मोदी के बीच हुई बातचीत की 9 प्रमुख बातें शामिल है जिनमें सबसे मजबूत संकेत व्यापार को लेकर आया है। दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर जब राष्ट्रपति ट्रंप से ये पूछा गया कि अमेरिका और भारत व्यापार डील से कितने दूर हैं, तो उन्होंने कहा कि बहुत करीब। उन्होंने पीएम मोदी को सबसे मुश्किल नेगोशिएटर में से एक बताया।

ट्रंप ने कहा कि हमले की हालत में अमेरिका भारत के साथ खड़ा रहेगा। रक्षा संबंधों को लेकर उन्होंने कहा, अगर उन पर हमला होता है, तो हम उनकी मदद के लिए वहां होंगे।

पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में स्थिरता वापस लाने के लिए ट्रंप की कोशिशों की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रपति आपकी कोशिशों की वजह से इस इलाके में शांति और स्थिरता की नई उम्मीद फिर से जगी है। प्रधानमंत्री की तरफ से यह टिप्पणी तब आई है जब ट्रंप ईरान और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर एक नई समझ के लिए समर्थन मांग रहे हैं।

दोनों नेताओं ने होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखने के महत्व पर जोर दिया। पीएम मोदी ने कहा- आप और मैं इस बात पर सहमत हैं कि होर्मुज स्ट्रेट को खुला रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बहुत जरूरी है।
दरअसल, भारत होर्मुज स्ट्रेट पर ऊर्जा सप्लाई के लिए बहुत ज्यादा निर्भर है। ऐसे में स्ट्रेट का मुद्दा भारत के लिए बहुत जरूरी है।

पीएम मोदी ने खास तौर पर ग्लोबल शिपिंग रूट पर काम करने वाले भारतीय नाविकों को लेकर चिंता जताई और कहा कि उनकी सुरक्षा हमारे लिए सबसे जरूरी है।

हाल ही में अमेरिकी हमले में भारतीय नाविकों की मौत हो गई। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हम उन सभी लोगों से प्यार करते हैं, वे बहुत अच्छे लोग हैं।

जब पूछा गया कि क्या भारत पश्चिम एशिया में कोई भूमिका निभा सकता है, तो ट्रंप ने जवाब दिया- मुझे लगता है कि भारत हर चीज में एक बड़ी भूमिका निभाता है। जब तक वह (पीएम मोदी) नेता हैं, भारत एक बड़ी भूमिका निभाएगा।

राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिया कि वह फिर से भारत आने की योजना बना रहे हैं। अपने पिछले दौरे को याद करते हुए उन्होंने कहा- हम भविष्य में फिर भारत जाएंगे।

अमेरिका में प्रतिभाशाली भारतीय पेशेवरों के लिए अवसर को लेकर ट्रंप ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए कहा कि रोजगार के मामले में भारत के साथ हमारे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं। यहां के लोग (भारतीय) बहुत टैलेंटेड हैं।

ट्रंप ने गहरे ऊर्जा सहयोग के लिए समर्थन का संकेत दिया। जब उनसे अमेरिका से भारत की ऊर्जा खरीद के बारे में पूछा गया, तो अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा- भारत हमारे साथ कुछ भी कर सकता है। हमारे बीच सबसे अच्छे संबंध हैं। हम इससे ज्यादा करीब नहीं हो सकते।
बता दें, इससे पहले 2025 में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाशिंगटन में बातचीत हुई थी। इसके बाद यह पीएम मोदी-ट्रंप की पहली औपचारिक द्विपक्षीय बातचीत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *