हर घर तिरंगा’ अभियान : भाजपा शासित राज्यों में दिखा देशभक्ति का जोश
मुख्यमंत्रियों ने किया ध्वजारोहण
नई दिल्ली, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पूरे देश में एक जन-आंदोलन बन गया है, जहां लोग घरों, दफ्तरों और सार्वजनिक स्थानों पर तिरंगा फहरा रहे हैं। नेताओं से लेकर आम नागरिकों तक, हर कोई इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहा है।
भोपाल में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने घर पर तिरंगा फहराया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “हमारा राष्ट्रध्वज हमारे देश का गौरव, सम्मान और असंख्य बलिदानों की पहचान है। आज मैंने परिवार के साथ गर्व से तिरंगा फहराया। आप भी अपने घर पर तिरंगा लहराएं और पूरे जोश, उत्साह और देशभक्ति के साथ हमारे राष्ट्रीय पर्व का उत्सव मनाएं।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और एक सेल्फी ली। सीएम योगी ने लिखा, “हमारी एकता का उद्घोष, हमारी अखंडता का संकल्प, हमारी संप्रभुता और गौरव का अमर प्रतीक ‘हमारा तिरंगा’, आइए हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनें।”
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी अपने आवास पर तिरंगा फहराकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “गुजरात समेत पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान बड़े उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से इस अभियान के तहत अपने घरों, कार्यालयों व अन्य स्थानों पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति की भावना प्रदर्शित करने का आह्वान किया है।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तिरंगा फहराया। उन्होंने लिखा, शासकीय आवास पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनकर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रारंभ हुआ यह जनांदोलन करोड़ों देशवासियों के भीतर राष्ट्रगौरव और देशभक्ति का भाव जागृत कर रहा है।
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ते हुए अपने आवास पर तिरंगा लगाकर आजादी के अमृत महोत्सव में भाग लिया। समस्त प्रदेशवासियों से आग्रह है कि ‘हर घर तिरंगा’ लगाने के इस अभियान से जुड़ें। अपना तिरंगे के साथ फोटो साझा करें और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का हिस्सा बनें।”
इसी क्रम में, झारखंड की राजधानी रांची में भाजपा युवा मोर्चा ने तिरंगा यात्रा निकाली। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू और संगठन महासचिव करमवीर सिंह के साथ काफी संख्या में एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संगठनों ने यात्रा में हिस्सा लिया।
इसी तरह, महाराष्ट्र के नालासोपारा में वसई विरार महानगरपालिका की ओर से प्रगति नगर क्षेत्र में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा ठाकुर विद्या मंदिर हाईस्कूल जूनियर कॉलेज से प्रारंभ होकर 90 फीट तक निकाली गई। ढोल-नगाड़ों की गूंज और देशभक्ति के नारों के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
