ईडी ने ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन और फ्लिपकार्ट पर कसा शिकंजा
19 ठिकानों पर चलाया तलाशी अभियान
नई दिल्ली : ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन और फ्लिपकार्ट की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। फॉरेन इन्वेस्टमेंट के लिए तय नियमों के उल्लंघन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने दोनों कंपनियों पर शिकंजा कस दिया है। फेमा उल्लंघन के मामले में इन कंपनियों से जुड़े 19 से ज्यादा ठिकानों पर तलाशी अभियान भी चलाया है।
सूत्रों के अनुसार ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन और फ्लिपकार्ट के टॉप लेवल अधिकारी विदेशी निवेश नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर ईडी की जांच के घेरे में हैं। रिपोर्ट में कहा कि इस मामले में दोनों कंपनियों की भूमिका की प्रारंभिक जांच पूरी करने के बाद अधिकारियों को तलब कर सकती है।
रिपोर्ट की मानें तो दिल्ली, बेंगलुरु, मुंबई, हैदराबाद और पंचकूला (हरियाणा) में अमेजन और फ्लिपकार्ट के विक्रेताओं से जुड़े 19 से अधिक ठिकानों पर ईडी ने तलाशी अभियान चलाया है। एजेंसी ने अनियमितताओं के सबूत जुटाने के उद्देश्य से फेमा नियमों के तहत ये तलाशी अभियान चलाया था।
ईडी की जांच कई तरह की शिकायतों के आने के बाद देखने को मिली है। इनमें आरोप लगाया गया कि अमेजन और फ्लिपकार्ट प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से चुनिंदा वेंडर्स को फायदा पहुंचाकर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश नियमों का उल्लंघन कर रही हैं।
