कांग्रेस भ्रष्टाचार की जननी, खुद को कानून से ऊपर समझते हैं कांग्रेसी नेता: अनुराग ठाकुर
कहा, मोदी सरकार ने 10 सालों में बदल दी देश की तस्वीर
नई दिल्ली : केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों को आजाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा ट्रांसफॉरमेशन डिकेड बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में जिस स्पीड और स्केल के साथ काम हुआ है वह पहले के 60 वर्षों को मिलकर भी नहीं हुआ। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 में भारत एक लड़खड़ाती और चरमराती अर्थव्यवस्था में गिना जाता था। आज हम विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं और अगले तीन वर्षों में विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। 2014 में समाचार मिलता था कि भारत की अर्थव्यवस्था गिर रही है। आज भारत विश्व में सबसे तेजी से प्रगति करने वाला बड़ी अर्थव्यवस्था है। आज भारत को ब्राइट स्पॉट के रूप में देखा जाता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 से पहले भारत में 2G स्कैम, कोयला घोटाला, अंतरिक्ष घोटाला, देवास घोटाला, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला, नेशनल हेराल्ड घोटाला और न जाने कितने घोटाले होते थे। आज ईमानदार सरकार के निर्णायक और परिणाम देने वाले निर्णयों की चर्चा होती है। आज भारत में चंद्रयान, आदित्य एल 1 की सफलता है। इंटरनेशनल सोलर, अलायंस, g20, इंटरनेशनल बायोफ्यूल एलाइंस, इंटरनेशनल बिग कैट एलाइंस के चर्चे हैं। यही फर्क है। इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के बारे में बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, “2014 में देश में 74 एयरपोर्ट थे आज 150 एयरपोर्ट हैं। 2014 में मात्र पांच शहरों में मेट्रो थी आज 20 शहरों में मेट्रो है। 2014 में 384 के आसपास मेडिकल कॉलेज थे आज 700 से ज्यादा हैं। 2014 में 7 एम्स थे, आज 22 हैं। 2014 में यूनिवर्सिटीज की संख्या 450 थी, आज 1100 है। 2014 में 16 आईआईएम थे, आज 23 आईआईएम हैं। 2014 में 12 आईआईटी थे, आज 19 आईआईटी हैं। 2014 में देश में लगभग 96 हजार किलोमीटर हाईवे थे, आज 1.5 लाख किलोमीटर हाईवे हैं। 2014 में 3,20,000 किलोमीटर ग्रामीण सड़क थी। आज 3,75,000 किलोमीटर नई ग्रामीण सड़कें जोड़ दी गई हैं। 2014 में 0 वंदे भारत ट्रेन थी, आज 41 वंदे भारत ट्रेनें चल रही हैं। 2014 में मात्र 20,000 किलोमीटर रेलवे ट्रेक्स इलेक्ट्रीफाइड थे, आज पूरे रेलवे ट्रेक्स इलेक्ट्रीफाइड हैं। 2014 में उत्तर प्रदेश में मात्र 2- 4 एयरपोर्ट थे, आज 21 हैं। इनमें से आठ इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं।”
