चन्नी अपने बयान की वजह से मुश्किलों के घेरे में
जालंधर, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकसभा चुनावों में जालंधर से कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी अपने बयान की वजह से मुश्किलों के घेरे में है। सूबे के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सिबिन सी ने मंगलवार को कहा कि चरणजीत सिंह चन्नी की पुंछ आतंकी हमले को एक ‘चुनावी स्टंट’ बताने संबंधी टिप्पणी आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इस हमले में वायु सेना का एक जवान शहीद हो गया था। पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस मामले पर आगे की कार्रवाई के लिए भारत के निर्वाचन आयोग को पत्र लिखा है।
अधिकारी सिबिन सी ने कहा- जालंधर जिला चुनाव अधिकारी की एक रिपोर्ट के अनुसार चन्नी की टिप्पणी एमसीसी (आदर्श आचार संहिता) का उल्लंघन है। 4 मई को जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में भारतीय वायु सेना (आईएएफ) के काफिले पर आतंकवादियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में एक सैनिक की मौत हो गई और चार घायल हो गए थे।भारतीय वायुसेना के जवान की हुई थी मौतभारतीय वायुसेना के काफिले पर हुए हमले के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए- चन्नी ने कहा था कि ये स्टंटबाज़ी हो रही है। जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, तो ऐसे स्टंट किए जाते हैं। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी से विवाद पैदा हो गया था और कई राजनीतिक नेताओं ने मामले में कार्रवाई की मांग की थी।चन्नी ने बाद में कहा था कि उन्हें देश के सैनिकों पर गर्व है लेकिन 2019 पुलवामा आतंकी हमले को लेकर केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार यह पता नहीं लगा सकी कि हमला किसने किया।
