April 26, 2026

केंद्र सरकार ने ‘आप’ से भाजपा में गए सभी सांसदों को दी सीआरपीएफ सुरक्षा

जालंधर, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह से पंजाब सरकार ने सुरक्षा वापस ले ली है। हरभजन सिंह के पीए ने उनकी सुरक्षा वापस लिए जाने की जानकारी दी है। पंजाब पुलिस का सुरक्षा कवर हटाए जाने के तुरंत बाद हरभजन सिंह को सीआरपीएफ की सुरक्षा केंद्र सरकार के द्वारा दी गई है। उनके जालंधर के घर के बाहर सीआरपीएफ को तैनात कर दिया गया है।

गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, हरभजन सिंह के साथ-साथ आम आदमी पार्टी से भाजपा में आए अन्य सांसदों- संदीप पाठक, अशोक मित्तल, स्वाति मालीवाल, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी को भी केंद्रीय सुरक्षा दी गई है। इन सभी नेताओं को अब CRPF के कमांडो सुरक्षा प्रदान करेंगे। यह कदम इन नेताओं पर बढ़ते खतरे और पंजाब में उनके आवासों के बाहर हो रहे विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए उठाया गया है।

दरअसल, हरभजन सिंह को आम आदमी पार्टी (आप) ने पंजाब से राज्यसभा में भेजा था। हाल ही में राज्यसभा सांसद राघव चड्डा ने आम आदमी पार्टी छोड़ भाजपा का दामन थामा है। चड्डा ने कहा था कि उनके साथ भाजपा में शामिल होने वाले उनके सहित 7 राज्यसभा सांसद हैं। ये सभी सांसद आप के हैं। इन 7 सांसदों में उन्होंने हरभजन सिंह का नाम भी लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *