कल वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिए जाएंगे नंगल के दोनों फ्लाईओवर
नंगल व हिमाचल प्रदेश वासियों को मिलेगी जाम से मुक्ति
सुधीर शर्मा, पिछले कई वर्षों से जाम लगने के कारण दुर्दशा का शिकार हो रहे नंगल शहर को कल 21 सितंबर को राहत मिलने वाली है। कल सतलुज दरिया पर बने नंगल फ्लाईओवर को एक तरफ से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा जबकि नया नंगल के फ्लाईओवर पर दोनों तरफ से यातायात शुरू हो जाएगा। इन दोनों फ्लाईओवर पर यातायात शुरू हो जाने से नंगल निवासियों को ही नहीं बल्कि हिमाचल प्रदेश के एक बड़े हिस्से के वाहन चालकों को नंगल में लगने वाले जाम से मुक्ति मिल जाएगी।
इस संबंध में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉक्टर संजीव गौतम ने शिवालिक पत्रिका को बताया कि कल कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस दोनों फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे व वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि नया नंगल के फ्लाईओवर पर दोनों तरफ से यातायात शुरू कर दिया जाएगा व नंगल दरिया पर बने फ्लाईओवर पर छोटे वाहनों के लिए एक तरफ से ही आवागमन शुरू किया जाएगा। एक-दो दिन बाद इस फ्लाईओवर पर बड़े वाहन भी चलाए जा सकेंगे। डॉक्टर गौतम ने बताया कि लोकार्पण का समय अभी निश्चित नहीं हुआ है लेकिन उम्मीद है कि कल दोपहर से पहले दोनों फ्लाईओवर लोकार्पित कर दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नया नंगल शिवालिक एवेन्यू फेस 1-B के निवासियों के वाहन कैसे मुख्य सड़क को पार करेंगे, इसकी रूपरेखा भी आज तैयार कर ली जाएगी।
