February 15, 2026

5जी सेवाओं से हर व्यक्ति तक पहुंचेगा डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ : डॉ. निपुण जिंदल

शिवालिक पत्रिका,धर्मशाला, कांगड़ा जिले में 5जी सेवाओं की उपलब्धता से प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ आमजन को भी सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े कामों में आसानी होगी। हैं। इन सेवाओं से छात्रों, व्यापारियों और पेशेवरों सहित प्रत्येक व्यक्ति को डिजिटल कनेक्टिविटी का लाभ पहुंचेगा। कांगड़ा में उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल की उपस्थिति में हुए रिलायंस जीओ 5जी सेवाओं के शुभारंभ के अवसर पर डीसी ने यह शब्द कहे। उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप से जुड़े युवा भी अपने भविष्य के उपक्रमों में प्रौद्योगिकी का लाभ उठा पाएंगे।

डॉ. निपुण जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के साथ राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने की योजना बनाई है और 5जी सेवाएं इन स्कूलों के लिए वरदान साबित होंगी। उन्होंने कहा कि जिले में आईटी पार्क के निर्माण पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष फोकस है।

उन्होंने कहा कि यह 5जी सेवाएं उन सभी आईटी पेशेवरों के लिए एक वरदान साबित होंगी जो जिला कांगड़ा के शांत वातावरण और सुंदर वादियों में रहते हुए ऑनलाइन काम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन, कृषि, शिक्षा और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में नई संभावनाओं के साथ मूलभूत परिवर्तन भी आएगा।

उन्होंने कहा कि हम सभी ने महामारी के दौरान डिजिटल कनेक्टिविटी के लाभों को देखा है। दूरसंचार और डिजिटल सेवाओं ने सरकार को नागरिकों के साथ जुड़ने और कठिन समय के दौरान सभी प्रकार की सहायता और समर्थन देने में मदद की। उन्होंने कहा कि 5जी सेवाओं के विस्तार से जिले में डिजिटल ढांचा और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि जिला कांगड़ा में शिक्षा और अनुसंधान से जुड़े कई उच्च शिक्षा संस्थान हैं और 5जी सेवाओं का हाई-स्पीड डेटा इसमें सहायता करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *