पाकिस्तान में सड़क पर क्रैश हुआ एयर फोर्स का विमान, दो पायलटों की दर्दनाक मौत
मरदान, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आसमान से अचानक मौत बरसने लगी, जब पाकिस्तान एयर फोर्स का एक ट्रेनी विमान बीच सड़क पर आ गिरा। इस खौफनाक हादसे में विमान उड़ा रहे दो पायलटों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सड़क पर मौजूद तीन निर्दोष लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हर तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी। घटना का एक दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान एयर फोर्स के इस ट्रेनी विमान ने अपनी नियमित ट्रेनिंग के लिए उड़ान भरी थी। सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन उड़ान के बीच में ही विमान में अचानक कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई। देखते ही देखते यह विमान अपना नियंत्रण खो बैठा और सीधे मरदान इलाके की एक सड़क पर जा गिरा। जमीन से टकराते ही विमान में एक जोरदार धमाका हुआ और वह धू-धू कर जलने लगा। चश्मदीदों का कहना है कि क्रैश के तुरंत बाद मौके से काले धुएं का एक विशाल गुबार आसमान की तरफ उठता दिखाई दिया और विमान के परखच्चे दूर-दूर तक बिखर गए।
हादसा इतना भीषण था कि जान गंवाने वाले दोनों पायलटों के शव सड़क पर बिखर गए। पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस दर्दनाक हादसे और इसमें हुई मौतों की आधिकारिक पुष्टि की है। जान गंवाने वाले दोनों पायलटों की पहचान कैप्टन कासिम और कैप्टन तलहा के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गया और सड़क पर घायल पड़े तीनों लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल राहत कार्य जारी है और पाकिस्तान एयर फोर्स ने इस विनाशकारी क्रैश की असल वजह का पता लगाने के लिए उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी है।
