September 22, 2026

कांवड़ यात्रा के बीच हादसों ने बढ़ाई चिंता

पांच लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो

नई दिल्ली, उत्तराखंड के देवप्रयाग से कांवड़ यात्रा के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। गंगा में नहाने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से एक कांवड़ यात्री की डूबकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद उसके बड़े भाई की बेबसी और मदद की गुहार का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि शनिवार को देवप्रयाग के एक घाट पर कांवड़ यात्री नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गंगा की तेज धारा में फंस गया और देखते ही देखते बहने लगा।

किनारे पर मौजूद उसका बड़ा भाई यह देखकर घबरा गया। उसने लोगों से अपने भाई को बचाने की लगातार अपील की। वायरल वीडियो में वह रोते हुए लोगों से मदद की गुहार लगाता दिखाई दे रहा है। उसकी दर्दभरी आवाज में वह बार-बार कहता सुनाई देता है कि “पांच लाख रुपये ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो। गंगा का बहाव काफी तेज होने के कारण मौके पर मौजूद लोग चाहकर भी तुरंत युवक तक नहीं पहुंच सके। भाई और अन्य लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद कांवड़ यात्री को बचाया नहीं जा सका।

हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग गहरा दुख जता रहे हैं।

इन दिनों उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा जोरों पर है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर पहुंच रहे हैं। ऐसे में तेज बहाव वाली नदियों और घाटों पर सुरक्षा को लेकर लगातार सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

प्रशासन और पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे निर्धारित और सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें तथा नदी के तेज बहाव वाले हिस्सों में जाने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *