December 24, 2025

गुजरात और पंजाब में आप ने लहराया जीत का परचम, पार्टी में जश्न का माहौल

लुधियाना, देश के अलग-अलग राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए हैं। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुजरात की विसवादार सीट पर जीत दर्ज की है, वही, पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर भी आप के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने जीत का परचम लहरा दिया है। पार्टी के प्रदर्शन पर आम आदमी पार्टी में जश्न का माहौल है।

गुजरात में ‘आप’ की जीत
चुनाव आयोग के मुताबिक, आप उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने विसवादार सीट से जीत दर्ज की है। उन्हें 75,942 मत मिले हैं और उन्होंने भाजपा के कीर्ति पटेल को 17,554 वोट से मात दी है। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जामनगर के लाल बंगले सर्किल पर गोपाल इटालिया की जीत का जश्न मनाया। इस दौरान उन्होंने पटाखे भी फोड़े। आप नेता प्रकाश ने कहा कि गोपाल इटालिया ने उपचुनाव में जीत दर्ज की है, जो गुजरात की राजनीति में नया अध्याय है। पिछले कई सालों से यहां भाजपा का दबदबा था, लेकिन आज हमारी पार्टी ने यहां ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। यहां की जनता चाहती है कि अब धर्म की बजाए मुद्दों पर बात होनी चाहिए, इसलिए हमें जनता ने मौका दिया है।

उधर, पंजाब के लुधियाना पश्चिम सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने 10,637 वोटों से जीत हासिल कर ली है। संजीव अरोड़ा को कुल 35,179 वोट मिली। वहीं कांग्रेस के भारत भूषण आशु दूसरे नंबर रहे, जिन्हें करीब 24,542 वोट मिली। भाजपा के जीवन गुप्ता तीसरे स्थान पर रहे।

केरल की नीलांबुर सीट पर कांग्रेस कैंडिडेट आर्यदान शौकत जीते हैं। उन्होंने सीपीआई एम उम्मीदवार एम. स्वराज को 11077 वोटों से हराया। जीत के बाद कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया।

भारतीय चुनाव आयोग के मुताबिक, 19 जून को केरल की नीलांबुर सीट पर उपचुनाव में 75.27 प्रतिशत वोट पड़े। पश्चिम बंगाल की कालीगंज सीट पर 73.36 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। गुजरात की विसावदर सीट पर 56.89 प्रतिशत और कडी सीट पर 57.91 प्रतिशत मतदान हुआ। पंजाब की लुधियाना पश्चिम सीट पर 51.33 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *