March 14, 2026

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने नहीं मनाई होली

आम आदमी पार्टी (आप) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़े दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ अपना विरोध जारी रखा है। दिल्ली की मंत्री और आप नेता आतिशी ने सोमवार को कहा कि पार्टी ने इस साल रंगों से नहीं खेलने और होली नहीं मनाने का संकल्प लिया है और देशवासियों से क्रूरता और बुराई के खिलाफ लड़ाई में उनके साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश से लोकतंत्र खत्म करने का परोक्ष हमला बोला।आतिशी ने एक्स पर लिखा कि होली सिर्फ़ एक त्योहार नहीं, बल्कि बुराई के ऊपर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, क्रूरता के ऊपर इंसाफ़ का प्रतीक है। आज, आम आदमी पार्टी का हर नेता दिन रात इसी बुराई, क्रूरता और नाइंसाफ़ी से लड़ रहा है। उन्होने आगे लिखा कि इस साल आम आदमी पार्टी ने संकल्प किया है कि हम रंगों से नहीं खेलेंगे, होली नहीं मनाएँगे; क्योंकि क्रूर तानाशाह ने दिल्ली के प्रिय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया है। आज, इन्होंने देश से लोकतंत्र को ख़त्म करने की कोशिश में कोई कसर नहीं छोड़ी है। दिल्ली की मंत्री ने कहा कि मैं आप सभी से इस होली पर आह्वान करती हूँ; क्रूरता और बुराई के ख़िलाफ़ इस जंग में हमारे साथ आइए। ये सिर्फ़ आम आदमी पार्टी की नहीं, बल्कि पूरे दिल्ली और देश के लिए लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। इससे पहले रविवार को आतिशी ने घोषणा की थी कि प्रवर्तन निदेशालय द्वारा अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ 31 मार्च को इंडी गठबंधन द्वारा एक रैली आयोजित की जाएगी। राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने 21 मार्च को उनकी गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाला मामले से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 28 मार्च तक छह दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *