हरियाली को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण करेंं विद्यार्थी : एसडीएम
दुजाना स्थित राजकीय महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित
बेरी (झज्जर), 27 जुलाई।
आजादी अमृत महोत्सव की श्रृंखला में गुरूवार को गांव दुजाना स्थित राजकीय महाविद्यालय दुजाना में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वाधान में पौधारोपण सप्ताह व सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त अभियान का आयोजन किया गया ।
इस अवसर पर एसडीएम रविंद्र मलिक ने कहा कि सरकार और प्रशासन पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के प्रति पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि कालेज के प्रत्येक विद्यार्थी को पर्यावरण संरक्षण के साथ -साथ हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की समस्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। इससे निपटने का पौधरोपण ही एक मात्र प्राकृतिक तरीका है।
एसडीएम ने कहा कि पौधे लगाने के बाद उनकी देखभाल करना भी उतना ही जरूरी है। एक पौधा वृक्ष बनकर बहुमूल्य ऑक्सीजन नि:शुल्क प्रदान करता है। इसलिए वृक्षों की महत्ता को कभी कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण और बढ़ते तापमान को देखते हुए हमारे इर्द-गिर्द हरियाली का होना बहुत जरूरी है।
कॉलेज प्राचार्या डॉ तराना नेगी ने संस्थान की तरफ से मुख्य अतिथि रविंद्र मलिक का स्वागत करते हुए महाविद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाने व प्लास्टिक से हो रहे दुष्प्रभाव से अवगत कराया। स्वयंसेवकों द्वारा द्वारा प्लास्टिक मुक्त पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डां सजनी देवी, डॉ नरेंद्र दहिया, नसीब सिंह, डॉ रजनी दुआ, डॉ अजय जून सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
