February 25, 2026

दौलतपुर चौक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने आधा दर्जन गांवों को अंधेरे में डुबोया

दौलतपुर चौक, 25 जुलाई (संजीव डोगरा): दौलतपुर चौक क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने आधा दर्जन गांवों को अंधेरे में डुबो दिया है जबकि बारिश से बिजली विभाग को भी लगभग 4 लाख रुपये की चपत लगी है। मिली जानकारी के अनुसार उपमंडल दौलतपुर चौक के गांव जोह,गणु, मदवाड़ा, मरवाड़ी,नँगल जरियाला व भद्रकाली में बिजली विभाग को काफी नुकसान पहुंचा है। इस दौरान बिजली बोर्ड के पांच खम्बे खड्ड के तेज बहाब में बह गए जबकि पांच खम्बे गिरने की स्थिति में पहुंच गए जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है । जोह गांव की खड्ड में बिजली के खम्बे बह जाने से सोमवार शाम तक भी बिजली आपूर्ति बहाल न हो पाई जिससे गांववासी परेशान हैं । जोह के साधु सिंह,विनोद कुमार,मुकेश,राजेश,ललित,तरसेम इत्यादि ने बताया कि जोह खड्ड में खनन एवम भारी बारिश के चलते बिजली के पोल बह गए जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई है | उन्होंने अभिलम्ब बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियन्ता मंगल चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग को बारिश के चलते जोह,गणु मदवाड़ा,मरवाड़ी,भद्रकाली, नँगल जरियाला में लगभग 4 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।खराब मौसम के वावजूद बिजली विभाग के कर्मचारी कार्य पर जुटे हुए हैं। कुछ गांवों में बिजली बहाल कर दी है जबकि शेष बचे गांवो में आपूर्ति सुचारू किए जाने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *