सत्संग ही व्यक्ति को मोक्ष की राह पर लेकर जाता है : बाबा बाल जी महाराज
दौलतपुर चौक (संजीव डोगरा)
संत श्री बाबा हंस दास जी महाराज घाटी वाले का 123वां जन्मोत्सव 24 जुलाई सोमवार को उनकी पावन जन्मभूमि गांव सलोह वैरी में मनाया जा रहा है। रविवार को सलोह बैरी में बाबा माधो दास जी महाराज घाटीवाले की उपस्थिति में राष्ट्रीय सन्त बाबा बाल जी महाराज ने प्रवचनों की अमृत वर्षा करके सभी का मन मोह लिया। बाबा बाल जी महाराज ने बताया कि बाबा हंस दास जी ने समाज के कल्याण के लिए जो पुनीत कार्य किये उन्हें कभी भुलाया नही जा सकता। उन्होंने बताया कि बाबा हंस दास जी महाराज का शुभाशीष सदा इस क्षेत्र की जनता को मिलता रहेगा। उन्होंने बताया कि कभी भी घमंड नहीं करना चाहिए क्योंकि इस संसार में पूरा जीवन घमंड में बिताने वालों को भी अंत समय में अपनी सोच बदलनी पड़ती है। जिन नश्वर चीजों को लेकर हम घमंड करते हैं, वह सभी यहीं रह जाती हैं। खाली हाथ संसार में आने वाले व्यक्ति खाली हाथ ही तो जाना होता है। बाबा बाल जी महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति प्रभु की शरण में जाता है, भगवान उसका बेड़ा पार लगा देते हैं। प्रभु का नाम लेने से सब पाप धुल जाते हैं। साथ ही बताया कि सत्संग ही व्यक्ति को मोक्ष की राह पर लेकर जाता है।
