February 25, 2026

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से मिले कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र भुट्टो, रखी समस्याएं

बंगाणा शांतला सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग की

लमलैहड़ी में ग्रामीण विकास विभाग के 150 करोड के प्रोजेक्ट को भी शुरू करवाने का किया आग्रह

अजय कुमार, बंगाणा, केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के ऊना प्रवास पर कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने उनसे मुलाकात करके पहले तो जिला ऊना प्रवास पर उनका अभिनंदन किया व फिर कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में चल रही कुछ विकास से संबंधित आ रही समस्याओं के बारे में अवगत करवाया। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि बंगाणा से शांतला वाया तूतडू सड़क जो कि एमडीआर सड़क घोषित हुई है व इस के लिए करीब 12 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हुई है, जिसकी डीपीआर भी तैयार हो चुकी है। लेकिन अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूर्ण न होने के कारण कार्य में विलंब हो रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से तत्काल टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करके कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया। भुट्टो ने कहा कि बंगाणा, शांतला,तूतडू, कामलू सड़क धर्मशाला, कांगड़ा, पठानकोट,जम्मू आदि जिलों की ओर राज्य से जुड़ती है और अगर उक्त सड़क का निर्माण शीघ्र हो जाए तो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र को जोड़ती हुई यह सड़क शाहतलाई एवं पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली से जुड़ेगी। इसका कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की जनता को लाभ मिल सकेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। विधायक देवेंद्र भुट्टो ने केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर से 150 करोड़ की लागत से बनने वाले ग्रामीण विकास विभाग के ट्रेनिंग सेंटर के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को अवगत कराया कि उक्त ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 150 करोड़ की लागत से बनने वाले ट्रेनिंग सेंटर के लिए भूमि भी विभाग के नाम हो चुकी है और केंद्र सरकार से उक्त ट्रेनिंग सेंटर की स्वीकृति भी मिल चुकी है। देवेंद्र भुट्टो ने केंद्रीय मंत्री से उक्त सेंटर का कार्य शीघ्र शुरू करवाने का आग्रह किया। देवेंद्र भुट्टो ने केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर के समक्ष कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में इंडस्ट्री लाने का भी आग्रह किया। विधायक भुट्टो ने कहा कि कुटलैहड़ में हजारों कनाल भूमि सरकार की बंजर पड़ी है। अगर इस बारे सहयोग मिले तो कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में उद्योग लगने से बाहरी राज्यों में रोजगार के लिए भटक रहे नौजवानों को घर द्वार पर रोजगार मिल सकेगा। भुट्टो ने इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के समक्ष कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की कुछ और समस्याओं को भी रखा और उनके समाधान के लिए सहयोग की अपील की।

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हर सहयोग देने का दिया आश्वासन: भुट्टो

विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री के पास बंगाणा शांतला सड़क, लमलैहड़ी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 150 करोड से निर्मित होने वाले ट्रेनिंग सेंटर, कुटलैहड़ में उद्योग लाने व क्षेत्र की अन्य समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की है और केंद्रीय मंत्री ने कुटलैहड़ के समग्र विकास में पूर्ण सहयोग करने का आश्वासन दिया है। केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया है कि वह कुटलैहड़ में समग्र विकास करवाने के लिए हर तरह का सहयोग करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *