भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा सदा शिव मंदिर, गायकों ने बांधा समा: प्रवीण शर्मा
अजय कुमार, बंगाणा, उपमंडल बंगाणा के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल धौमेश्वर मंदिर तलमेहड़ा में सावन मास के मेलों का आगाज हो गया है। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने ज्योति प्रज्वलित करके प्रथम धार्मिक संध्या का आगाज किया। धौमेश्वर मंदिर तलमेहड़ा में प्रथम रविवारी संध्या जो कि संक्रांति को थी, उसमें पंजाब की बुलंद आवाज अमृत कौर एवं रागी विजय राणा ने महादेव के भजनों से मंत्रमुग्ध किया। रविवार रात 12:00 बजे से सदाशिव में शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु कतार में खड़े रहे और सोमवार शाम तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आने-जाने का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा ने कहा कि मंदिर कमेटी सावन मास के मेलों के लिए पूरी तरह से तैयार है और हर वर्ष धौमेश्वर मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु नतमस्तक होते हैं। मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं के लिए खाने, ठहरने, लंगर आदि की व्यवस्था की जाती है। प्रधान प्रवीण शर्मा ने कहा कि हर वर्ष सावन मास की हर रविवार की संध्या को धार्मिक संध्या के उपलक्ष पर राज्य एवं फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को बुलाकर भगवान भोलेनाथ की महिमा का गुणगान करवाया जाता है। प्रवीण शर्मा ने कहा कि आज तक धौमेश्वर मंदिर में जो भी विकास की गाथा लिखी गई है वह सब मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं की आस्था व उनके द्वारा दिए गए दान से करवाया गया विकास है। प्रवीण शर्मा ने कहा कि धौमेश्वर मंदिर कमेटी द्वारा श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान से मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे, पार्किंग स्थल, ठहरने के लिए विशेष कमरे, बैठने के लिए हॉल, मंदिर परिसर में गौशाला निर्माण, बुजुर्गों के लिए लिफ्ट एवं समूचे मंदिर परिसर में टाइलें लगाई गई है। प्रवीण शर्मा ने कहा कि धौमेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना करने से मनचाहा फल प्राप्त होता है। सावन मास की प्रथम रविवारी संध्या पर गायक अमृत कौर एवं विजय राणा ने पंडाल को खूब नचाया। मंदिर परिसर में कमेटी सदस्यों के अलावा अन्य भक्तों ने सेवा की व मंदिर परिसर के अलावा जगह-जगह पर भंडारे, प्रसाद,चाय पान, खीर एवं अन्य फल आदि भी बांटा गया।
