कई राज्यों में विलेन बना माैसम, सैकड़ों सड़कें प्रभावित
देश के कई राज्यों में माैसम आफत बन चुका है। इस आफत ने कई सड़कों को बुरी तरह से प्रभावित कर दिया है। हिमाचल-उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में तो बर्फबारी ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। हिमाचल के गुरुवार सुबह रोहतांग, भरमौर और मनाली के पहाड़ों पर एक से डेढ़ ईंच बर्फ गिरी। जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी के काबुल गली में बर्फबारी हुई है। उत्तराखंड के केदारनाथ, हेमकुंड साहिब और चमोली स्थित रुद्रनाथ जी में भी ओलों के साथ हल्की बर्फ गिरी है। वहीं, पिछले दिनों भारी बारिश से क्षतिग्रस्त अर्धकुंवारी-हिमकोटी मार्ग आखिरकार दुरुस्त कर लिया गया है।
बुधवार सुबह करीब सात बजे इस मार्ग को श्रद्धालुओं की पैदल आवाजाही के लिए फिर से खोल दिया गया। इससे भवन की ओर जाने वाले मां वैष्णो देवी के भक्तों ने राहत की सांस ली। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में लगातार भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर घाट बैंड और मुन्ना बैंड के पास पहाड़ी बेहद संवेदनशील बनी हुई है।
यहां लगातार पत्थर, बोल्डर और मलबा गिर रहा है।सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रात के समय इस हिस्से में यातायात रोक दिया गया है। जालंधर-पठानकोट में गुरुवार सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज राज्य के सभी जिलों और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना जताई है।
