September 17, 2026

दिसंबर तक तैयार होगा पंजावर का हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र

चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, लोनिवि को तेजी लाने के निर्देश

ऊना,. हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी उपभोक्ता संघ (हिमकोफेड) के चेयरमैन विक्रम शर्मा डिक्की ने वीरवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंजावर में निर्माणाधीन हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

करीब 9 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन इस कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र का कार्य दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। विक्रम शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए तथा निर्माण में अनावश्यक देरी न हो।

उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भी जायजा लिया और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं गुणवत्ता मापदंडों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण के प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने तथा शेष कार्यों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

विक्रम शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। पंजावर में बनने वाला हिमकोफेड कार्यालय एवं प्रशिक्षण केंद्र सहकारिता से जुड़े लोगों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित होगा। केंद्र के माध्यम से सहकारी संस्थाओं से जुड़े लोगों को प्रशिक्षण तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना का कार्य दिसंबर तक पूरा कर भवन को उपयोग में लाने का प्रयास किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों और सहकारिता क्षेत्र से जुड़े संस्थानों को इसका लाभ मिल सके।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग हरोली के एक्सियन नितिन चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *