September 5, 2026

पुतिन का अचानक कीव पर 72 घंटे तक हमले रोकने का आदेश दिया

मॉस्को, रूस और यूक्रेन के बीच जारी भीषण संघर्ष के बीच एक बेहद चौंकाने वाला और बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर अगले 72 घंटे तक सभी तरह के हवाई व सैन्य हमले रोकने का कड़ा निर्देश जारी किया है। क्रेमलिन ने शनिवार को इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि शनिवार आधी रात से तीन दिनों तक कीव पर किसी भी तरह की बमबारी या मिसाइल प्रहार नहीं होगा। यह नाटकीय मोड़ उस वक्त आया है, जब अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर युद्ध समाप्त कराने के मिशन पर रूस और यूक्रेन के दौरे पर निकले हैं।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने स्पष्ट किया कि हमलों पर यह अस्थायी रोक अमेरिकी प्रतिनिधियों की कीव यात्रा के मद्देनजर लगाई गई है। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल मॉस्को पहुंचकर युद्ध विराम की नई संभावनाओं को तलाश रहा है। इससे पहले यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी संकेत दिए थे कि यदि अमेरिकी दल राजधानी पहुंचता है, तो यूक्रेन भी हवाई हमले रोकने के लिए तैयार रहेगा। उन्होंने रूस से भी इसी तरह के संयम की पुरजोर अपील की थी, जिसे देखते हुए क्रेमलिन का यह कदम काफी अहम माना जा रहा है।

हमले रोकने के इस फैसले से ठीक पहले दोनों देशों के बीच हवाई टकराव अपने चरम पर पहुंच गया था। रूस ने कीव में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय के साथ-साथ कीव और बोरिस्पिल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर ताबड़तोड़ ड्रोन हमले किए। वहीं, दक्षिणी यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र स्थित एक औद्योगिक परिसर पर हुए हमले में पांच कर्मियों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। इसके अलावा मायकोलाइव और निकोपोल में भी रिहायशी इमारतों और शॉपिंग सेंटरों को भारी नुकसान पहुंचा है। अब पूरी दुनिया की नजरें इस 72 घंटे की शांति पर टिकी हैं कि क्या यह युद्ध को स्थायी विराम की ओर ले जाएगी या सिर्फ एक अस्थाई ठहराव साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *