सुंदरनगर में परिवहन वाहनों की फिटनेस जांच अब स्वचालित परीक्षण केंद्र से
क्षेत्रीय मोटर वाहन पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग प्राधिकरण (आरएलए) सुंदरनगर के अधिकार क्षेत्र में पंजीकृत सभी परिवहन वाहनों की फिटनेस जांच अब स्वचालित परीक्षण केंद्र के माध्यम से की जाएगी। परिवहन विभाग के निर्देशों के अनुपालन में 1 सितंबर, 2026 से फिटनेस प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण के लिए मैनुअल फिटनेस जांच की व्यवस्था बंद कर दी गई है।
आरएलए सुंदरनगर अमर नेगी ने बताया कि परिवहन विभाग द्वारा मैसर्स विक्रम एचपी सेंटर, कांगू (डैहर), तहसील सुंदरनगर, जिला मंडी के पक्ष में स्वचालित परीक्षण केंद्र स्थापित करने एवं संचालन के लिए पंजीकरण प्रमाण-पत्र जारी किया गया है। केंद्र पूर्ण रूप से स्थापित होकर संचालन के लिए तैयार है।
आरएलए सुंदरनगर के तहत पंजीकृत बस, ट्रक, टैक्सी, मैक्सी कैब सहित अन्य सभी परिवहन वाहनों के फिटनेस प्रमाण-पत्र के नवीनीकरण की जांच अब केवल स्वचालित परीक्षण केंद्र कांगू (डैहर) में ही होगी। इस व्यवस्था का उद्देश्य फिटनेस जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता, एकरूपता, दक्षता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।
उन्होंने वाहन मालिकों एवं संचालकों से आग्रह किया है कि वे फिटनेस प्रमाण-पत्र की वैधता समाप्त होने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत वाहन की जांच करवाएं तथा आवश्यक शुल्क का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि वाहनों के संचालन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
