August 7, 2026

मध्यस्थता और आपसी सहमति से निपटाए जा सकते हैं कई मामले : पंकज शर्मा

हमीरपुर । जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण ने शुक्रवार को कम्युनिटी मेडिएटरों यानि सामुदायिक मध्यस्थों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसकी अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायधीश और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने की।
इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिएटरों को संबोधित करते हुए पंकज शर्मा ने कहा कि अदालतों में अक्सर आने वाले कई छोटे-छोटे मामलों को मध्यस्थता और आपसी सहमति से निपटाया जा सकता है। इससे इन मामलों के सभी पक्षकारों के समय और धन की बचत होगी तथा उनके आपसी संबंधों में अनावश्यक कटुता भी नहीं बढ़ेगी। अदालतों का समय भी बचेगा। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर, राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) ऐसे मामलों में मध्यस्थता एवं आपसी सहमति को प्रेरित कर रही है। इसके लिए कम्युनिटी मेडिएटर यानि सामुदायिक मध्यस्थ बनाए जा रहे हैं, जोकि विभिन्न मामलों के पक्षकारों के बीच मध्यस्थता करके इन मामलों को आपसी सहमति से निपटाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं।
पंकज शर्मा ने कम्युनिटी मेडिएटरों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मध्यस्थता एवं आपसी सहमति को बढ़ावा देकर इन क्षेत्रों को लिटिगेशन-फ्री यानि मुकदमा-मुक्त क्षेत्र बनाने में योगदान दें। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
इससे पहले, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा, प्रशिक्षित मेडिएटर संजीव ठाकुर, केडी शर्मा और एसके डोगरा ने भी प्रतिभागियों को मध्यस्थता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा इसकी विभिन्न प्रक्रियाओं से अवगत करवाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *