August 7, 2026

07 से 29 अगस्त तक सरकाघाट बाजार में एक लेन रहेगी बंद, यातायात रहेगा नियंत्रित

सरकाघाट,उपमंडलाधिकारी (एसडीएम) सरकाघाट राजेन्द्र कुमार गौतम ने लोक निर्माण विभाग (बी एंड आर) मंडल, सरकाघाट के अनुरोध पर सरकाघाट बाजार में सी.सी. पेवर ब्लॉक बिछाने के निर्माण कार्य के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था संबंधी आदेश जारी किए हैं।
उन्होंने बताया कि जोगिंद्रनगर–सरकाघाट–घुमारवीं मार्ग पर निर्माण कार्य के सुरक्षित एवं सुचारु निष्पादन के लिए 07 से 29 अगस्त, 2026 तक सरकाघाट बाजार क्षेत्र में सड़क की एक लेन अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान दूसरी लेन से वाहनों की आवाजाही पुलिस की निगरानी में नियंत्रित एवं विनियमित की जाएगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो।
एसडीएम ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आम नागरिकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग को निर्माण स्थल तथा आवश्यक डायवर्जन स्थलों पर स्पष्ट सूचना एवं चेतावनी बोर्ड स्थापित करने, निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से एक वाहन एवं संपर्क हेतु मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से आग्रह किया है कि निर्माण कार्य के दौरान प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात संबंधी निर्देशों का पालन करें तथा आवश्यक सावधानी बरतते हुए सहयोग प्रदान करें, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित, व्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *