चोलथरा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना पर रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित
धर्मपुर, समेकित बाल विकास परियोजना (आईसीडीएस), धर्मपुर के अंतर्गत वृत चोलथरा में बुधवार को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के उद्देश्य से एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बाल विकास परियोजना अधिकारी, धर्मपुर धनी राम ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वृत चोलथरा की सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान उन्हें प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के नवीनतम दिशा-निर्देशों, पात्र लाभार्थियों की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, एनपीसीआई मैपिंग, आवेदन की समयबद्ध स्वीकृति तथा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
सीडीपीओ धनी राम ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला की समय पर पहचान कर उन्हें योजना के बारे में जागरूक करें तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करवाना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे।
