4 अगस्त को बल्ह उपमंडल में विशेष प्रचार अभियान, नाट्य दल करेंगे जागरूक
अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार द्वारा विशेष प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध जालपा कला मंच स्याहँ का नाट्य दल अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में गीत-संगीत एवं नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेंगे।
अभियान के दौरान लोगों को नशा निवारण, सामाजिक जागरूकता तथा प्रदेश सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि उपमंडल बल्ह में जालपा कला मंच स्याहँ के कलाकारों द्वारा 4 अगस्त को ग्राम पंचायत कसारला में प्रातः 11 बजे तथा ग्राम पंचायत छातड़ू में दोपहर 2 बजे सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों तथा क्षेत्र के सभी नागरिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने तथा प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने का आग्रह किया है।
