August 1, 2026

NEET के बाद अब एलएलबी प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक

छात्र ने प्रश्नपत्र की फोटो खीचकर वॉट्सएप पर की वायरल

नई दिल्ल- पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा शनिवार को उस समय विवादों में आ गई, जब पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल होने की खबर सामने आई। बताया जा रहा है कि एक छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा कक्ष में पहुंच गया और परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र की तस्वीर खींचकर उसे वायरल कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जिस समय प्रश्नपत्र वायरल हुआ, उस वक्त परीक्षा केंद्र पर लगाया गया जैमर बंद था। मामले की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने तुरंत जैमर चालू कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हालांकि, आरोपित छात्र परीक्षा केंद्र से फरार हो गया। उसके मोबाइल को लेकर भी जांच की जा रही है। हैरानी की बात यह रही कि परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस की तैनाती और अभ्यर्थियों की जांच के बावजूद छात्र मोबाइल फोन अंदर ले जाने में सफल रहा। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

एलएलबी की प्रवेश परीक्षा पटना कॉलेज के अलावा बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में भी आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय के अनुसार अन्य दोनों केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि सुबह 10:30 बजे शुरू हुई परीक्षा के दौरान दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र वायरल होने की जानकारी मिली। परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल ने कहा कि जैमर बंद होने की वजह से यह घटना हुई, लेकिन समय रहते जैमर चालू कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल प्रश्नपत्र के उत्तर परीक्षा कक्ष के अंदर नहीं पहुंच पाए, इसलिए किसी परीक्षार्थी को इसका अनुचित लाभ नहीं मिला।

प्रो. बीके लाल ने बताया कि परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी, क्योंकि घटना के बावजूद परीक्षा निष्पक्ष ढंग से पूरी कराई गई। दोषी छात्र की पहचान के लिए परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *