July 27, 2026

सावन के दूसरे सोमवार पर प्रेस क्लब मंडी ने लगाया खीर का भंडारा, उपायुक्त ने जताई सहभागिता

मंडी, सावन माह के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर प्रेस क्लब मंडी द्वारा जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय परिसर के समीप श्रद्धापूर्वक खीर के भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में उपायुक्त अपूर्व देवगन की विशेष सहभागिता रही और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त अपूर्व देवगन ने भंडारे में पहुंचकर श्रद्धालुओं को अपने हाथों से खीर वितरित की। उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की कि वर्तमान वर्षा ऋतु के दौरान जिला मंडी एवं प्रदेश में किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा अथवा जन-धन की हानि न हो। उन्होंने सभी नागरिकों से भी सुरक्षित एवं सुखद मानसून, जनकल्याण तथा जिला मंडी की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करने का आह्वान किया। छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी नगर में इस तरह के आयोजनों की समृद्ध परंपरा रही है और भगवान शिव को समर्पित सभी व्रत एवं त्यौहार यहां श्रद्धापूर्वक मनाए जाते हैं। उपायुक्त ने कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता को और प्रगाढ़ करते हैं और इससे आपसी मेल-जोल भी बढ़ता है। उन्होंने खीर भंडारे के सफल आयोजन के लिए प्रेस क्लब मंडी के सभी सदस्यों को बधाई दी।
इस अवसर पर प्रेस क्लब मंडी के प्रधान सुभाष ठाकुर, वरिष्ठ पत्रकार बीरबल शर्मा, मुरारी शर्मा, अंकुश सूद, दीपेंद्र मांटा, रूपलाल कौंडल, रजनीश हिमालयन, खेमचंद शास्त्री, भगत सिंह गुलेरिया, नरेंद्र शर्मा, रूप उपाध्याय, विनोद राणा, राकेश राणा, अजय रांगड़ा, सुरेंद्र शर्मा, सरोज ठाकुर, विप्लव सकलानी, अश्वनी भारद्वाज सहित प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे तथा भंडारे के सफल आयोजन में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *