विकास पुरुष जी.एस. बाली जी की सोच को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम : आर.एस. बाली
नगरोटा। विकास पुरुष जी.एस. बाली जी ने नगरोटा का परचम प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश में लहराया। उनके जन्मदिवस पर प्रारंभ किया गया विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला लोगों की सेवा करने की एक सोच और सशक्त माध्यम है। प्रत्येक वर्ष विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला का आयोजन उन्हें नई ऊर्जा प्रदान करता है तथा समाज की और अधिक सेवा करने की प्रेरणा देता है। यह उद्गार हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आर.एस. बाली ने अपने पूजनीय पिताजी, विकास पुरुषजी.एस. बाली जी की जयंती के अवसर पर नगरोटा में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यक्त किए।
विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला-2026 के आयोजन को लेकर नगरोटा स्थित ओबीसी भवन में आयोजित इस बैठक में बाल मेला कमेटी के सभी सदस्य, कार्यकर्ता तथा नगरोटा परिवार के लोग उपस्थित रहे।
बैठक का उद्देश्य इस वर्ष विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला-2026 के आयोजन को पहले से अधिक भव्य स्वरूप देना तथा यह सुनिश्चित करना था कि यह आयोजन विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति को समर्पित हो। बैठक में आयोजन की समस्त रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रत्येक पहलू पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बाल मेला कमेटी के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। बैठक में बताया गया कि विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेला-2026 का आयोजन 24 जुलाई से 27 जुलाई तक किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेला-2026 का शुभारंभ 24 जुलाई को रक्तदान शिविर के आयोजन के साथ होगा। 25 एवं 26 जुलाई को युवाओं के लिए दो दिवसीय मेगा रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश की 30 कंपनियां लगभग 3,500 युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाएंगी।
26 एवं 27 जुलाई को आयोजित होने वाले निःशुल्क मेडिकल कैंप के संबंध में बताया गया कि इस वर्ष लोगों को पहले से अधिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। मेडिकल कैंप में लोगों को निःशुल्क चश्मे, कानों की मशीनें, व्हीलचेयर, अन्य सहायक उपकरण तथा दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक सामग्री वितरित की जाएगी।
इसी प्रकार 26 एवं 27 जुलाई को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। 26 जुलाई को नगरोटा के गांधी ग्राउंड में विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
विकास पुरुष जी.एस. बाली बाल मेला-2026 के अंतिम दिन 27 जुलाई को ऐतिहासिक गांधी मैदान में बच्चों सहित सभी लोग निःशुल्क झूलों, हाथी, ऊंट एवं घोड़े की सवारी का आनंद उठा सकेंगे। इसके साथ ही बच्चों और आमजन के लिए निःशुल्क आइसक्रीम एवं जलेबी की भी व्यवस्था रहेगी। 27 जुलाई को एक स्टार गायक अपनी प्रस्तुति देंगे तथा उनके साथ अनेक अन्य कलाकार भी अपने कार्यक्रमों से लोगों का मनोरंजन करेंगे।
बैठक में आर.एस. बाली ने कहा कि विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला उनके लिए सेवा, समर्पण और जनकल्याण का प्रतीक है तथा उनका निरंतर प्रयास रहेगा कि इस आयोजन को प्रतिवर्ष और अधिक भव्य एवं जनहितकारी स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला मात्र एक मेला नहीं, बल्कि नगरोटा परिवार के दिलों से जुड़ा एक भावनात्मक रिश्ता है, जिसकी शुरुआत उनके पूजनीय पिताजी विकास पुरुष जी.एस. बाली जी ने की थी।
उन्होंने बताया कि विकास पुरुष जी.एस. बाली जी बाल मेला का आयोजन उनके पूजनीय पिताजी की उस दूरदर्शी सोच का परिणाम था, जिसके माध्यम से वे नगरोटा परिवार के प्रत्येक व्यक्ति और विशेष रूप से बच्चों से जुड़ना चाहते थे तथा इस अवसर पर समाज के लिए सेवा भाव से कुछ सार्थक करना चाहते थे।
आर.एस. बाली ने कहा कि विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी ने अपना संपूर्ण जीवन नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के विकास तथा यहां के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए समर्पित किया। अपने अथक प्रयासों से उन्होंने इस विधानसभा क्षेत्र को पूरे हिमाचल प्रदेश में एक विशिष्ट पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि पहले से विकसित विधानसभा क्षेत्र को आगे ले जाना कोई बड़ी चुनौती नहीं होती, लेकिन जब विकास पुरुष श्री जी.एस. बाली जी ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की कमान संभाली थी, उस समय इसे एक पिछड़ा विधानसभा क्षेत्र माना जाता था। उन्होंने अपने निरंतर प्रयासों, दूरदर्शी नेतृत्व और विकासात्मक सोच के बल पर इस क्षेत्र को आज उस मुकाम तक पहुंचाया है, जो अब प्रदेश के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक प्रेरणास्रोत और उदाहरण बन चुका है।
उन्होंने कहा कि विकास पुरुष की सोच और जनसेवा की विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना अब उनकी जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य के साथ वे निरंतर जनसेवा, विकास और प्रगतिशील निर्णयों के माध्यम से नगरोटा विधानसभा क्षेत्र को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
