बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग गिरफ्तार
जमीन विवाद में मारी थी गोली, बाबा ने झाड़ा पल्ला
छतरपुर, मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। चर्चित संत और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शालिग्राम पर एक जमीन विवाद मामले में मारपीट करने और जानलेवा फायरिंग करने का गंभीर आरोप है। पुलिस ने शालिग्राम के साथ उसके एक अन्य साथी अंकित मिश्रा को भी दबोच लिया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को राजनगर की अदालत में पेश कर दिया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
यह पूरी वारदात छतरपुर के राजनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कोढ़ा गांव में अंजाम दी गई। छतरपुर के पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के मुताबिक, 30 वर्षीय पीड़ित मोती कुशवाहा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि वह अपने घर पर मौजूद था, तभी शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ वहां आ धमका और उसे बाहर निकलने के लिए ललकारा। जैसे ही वह घर से बाहर आया, आरोपियों ने उस पर लाठियों से हमला कर दिया और जान से मारने की नीयत से उस पर गोलियां चला दीं। पीड़ित का साफ तौर पर आरोप है कि वह जुगल किशोर पांडेय की ओर से शालिग्राम के खिलाफ जमीन पर अवैध कब्जे के एक मामले में अहम गवाही देने वाला था। इसी गवाही को रोकने के लिए यह हमला किया गया। घायल मोती को तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां एक्स-रे रिपोर्ट में उसके शरीर के अंदर गोली जैसी धातु फंसे होने की पुष्टि हुई है।
गोलीबारी की इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सबूत इकट्ठा किए और मंगलवार को ही शालिग्राम गर्ग समेत उसके तीन साथियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया था। पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते वारदात के दूसरे दिन ही मुख्य आरोपी शालिग्राम और अंकित मिश्रा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में अभी भी एक आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
अपने सगे भाई की इस आपराधिक करतूत और गिरफ्तारी पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले से पूरी तरह किनारा करते हुए कहा है कि वह तीन साल पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं कि शालिग्राम गर्ग से उनका या उनके परिवार का कोई वास्ता नहीं है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि पूरा विश्व और समाज ही उनका परिवार है और वे सनातन के लिए जीते हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून अपना काम करेगा, जो भी दोषी है उसे सजा मिलनी चाहिए और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई का वह पूरा समर्थन करते हैं।
