हर संस्थान में नियुक्त होंगे ‘माय भारत’ नोडल अधिकारी व ब्रांड एम्बेसडर : एडीसी तरुण कुमार पावरिया
माय भारत’ पोर्टल पर युवाओं का कराएं रजिस्ट्रेशन
एडीसी ने ली ‘माय भारत’ कार्यक्रम की समीक्षा बैठक
नारनौल, अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया की अध्यक्षता में आज अपने कार्यालय में ‘माय भारत’ कार्यक्रम की जिला स्तरीय समीक्षा एवं समन्वय बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक युवाओं को ‘माय भारत’ पोर्टल से जोड़ना, शैक्षणिक संस्थानों व विभिन्न विभागों की ऑनबोर्डिंग सुनिश्चित करना तथा युवाओं को पोर्टल पर उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ दिलाना है।
समीक्षा के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त तरुण कुमार पावरिया ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे अपने संस्थानों के शत-प्रतिशत पात्र विद्यार्थियों का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चल रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन अभियान को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक पात्र युवा को इस मंच से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों एवं शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक युवाओं को स्वतंत्रता दिवस क्विज़ में भाग लेने तथा नशा मुक्त युवा – विकसित भारत अभियान से संबंधित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित करें। प्रशासन द्वारा पोर्टल के व्यापक प्रचार-प्रसार, युवाओं के अधिकाधिक पंजीयन, विभागीय समन्वय तथा शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का दृढ़ संकल्प लिया, ताकि जिले का कोई भी पात्र युवा इस राष्ट्रीय मंच के लाभों से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यालय एवं महाविद्यालय में एक माय भारत नोडल अधिकारी तथा एक माय भारत ब्रांड एम्बेसडर नियुक्त किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शैक्षणिक संस्थान अपने यहां नियुक्त नोडल अधिकारी एवं ब्रांड एम्बेसडर की सूची निर्धारित समयावधि में माय भारत कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि संस्थागत स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके। इसके अलावा सरकारी विभागों को भी माय भारत पोर्टल पर ऑनबोर्ड होने के निर्देश दिए ताकि विभागीय योजनाओं, कार्यक्रमों व अवसरों को पोर्टल के माध्यम से युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके और युवाओं की सहभागिता बढ़ सके।
