एसआईआर अभियान को लेकर सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित
एसडीएम एवं 57-भिवानी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी महेश कुमार की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित उनके कार्यालय में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर सुपरवाइजरों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में एसडीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी सुपरवाइजरों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ मतदाताओं से प्रपत्र एकत्रित करने का कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करें।
एसडीएम महेश कुमार ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि मृत मतदाताओं के नाम हटाने के लिए संबंधित मामलों में मृत्यु प्रमाण-पत्र (डेथ सर्टिफिकेट) अवश्य प्राप्त किया जाए या परिजनों से लिखित में प्रमाण लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि एबसेंट, शिफ्टिेड और डुप्लीकेट वोटर यानि एएसडी वोटर की सूची तैयार करें, यह सूची भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सार्वजनिक की जाएगी और इस सूची पर दावे एवं आपतियां मांगी जाएंगी। दावों एवं आपत्तियों का सबूतों के आधार पर निपटारा किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी, इसलिए सभी अधिकारी निर्धारित समय के अंदर शत-प्रतिशत कार्य पूरा करना सुनिश्चित करें।
