July 4, 2026

वेनेजुएलाई विदेश मंत्री ने ऑपरेशन अमिस्ताद के लिए भारत और प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

काराकस, वेनेजुएला के विदेश मंत्री इवान गिल पिंटो ने ऑपरेशन अमिस्ताद के लिए भारत और पीएम नरेंद्र मोदी का आभार जताया है। उन्होंने आर्मी फील्ड अस्पताल का दौरा कर वहां उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं की प्रशंसा की।

दौरे के बाद जारी अपने बयान में गिल ने कहा कि उन्होंने वेनेजुएला में भारत के राजदूत पी. के. अशोक बाबू के साथ इस मानवीय सहयोग का प्रेरक उदाहरण देखा और सहायता के लिए हाथ बढ़ाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने एक्स पर इस दौरे की क्लिप साझा करते हुए लिखा- हमारे सहयोगी देश भारत के ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत, काराकास रेसट्रैक पर एक हॉस्पिटल सेंटर बनाया है। यह सेंटर दोहरे भूकंप के पीड़ितों को व्यापक और उच्च-गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। मुझे वेनेजुएला में भारत के राजदूत पी.के. अशोक बाबू के साथ इस केंद्र का दौरा करने और एकजुटता के इस प्रेरक प्रदर्शन को देखने का अवसर मिला। बोलिवेरियन सरकार और वेनेजुएला की जनता की ओर से, भूकंप पीड़ितों की मदद के लिए बढ़ाए हाथ के लिए हम भारत सरकार और वहां के लोगों, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।

पिंटो क्लिप में भारतीय राजदूत को आभार जताते हुए बता रहे हैं कि भारतीय चिकित्सा दल प्रतिदिन लगभग 400 पीड़ितों का उपचार कर रहा है। यहां भूकंप में घायल हुए लोगों को प्राथमिक उपचार, फ्रैक्चर और अन्य चोटों का इलाज, दंत चिकित्सा, एक्स-रे, और छोटी शल्य चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने कहा- हम (वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल) हाल ही में भारत गए थे और यह उसी भाईचारे की एक जीवंत मिसाल है। भारत इस कठिन समय में वेनेजुएला की जनता के साथ खड़ा है। इस फील्ड अस्पताल में प्रतिदिन 400 से अधिक लोगों का उपचार किया जा रहा है, जिनमें मुख्य रूप से 24 जून के भूकंप से पीड़ित लोग शामिल हैं।

विदेश मंत्री ने भारत सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति वेनेजुएला की ओर से गहरा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य राहतकर्मी दिन-रात अथक सेवा कर रहे हैं। उन्होंने भारत सरकार तक वेनेजुएला की जनता का प्रेम और धन्यवाद पहुंचाने का आग्रह भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *