विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में सभी पात्र मतदाता समय पर भरें गणना प्रपत्र – एसडीएम शिवजीत भारती
बूथ नंबर-149 की बीएलओ सुदेश रानी ने 98 प्रतिशत कार्य किया पूरा, अन्य बीएलओ को भी निर्धारित समय में लक्ष्य हासिल करने के निर्देश
शहजादपुर/नारायणगढ़। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सभी पात्र मतदाताओं से समय पर गणना प्रपत्र (Enumeration Form-EF) भरने का अनुरोध किया गया है। एसडीएम एवं 03 नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक पंजीयन अधिकारी शिवजीत भारती ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल रहे तथा अपात्र नामों को हटाया जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक चलाया जा रहा है। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता से संपर्क कर गणना प्रपत्र भरवा रहे हैं तथा उनका डिजिटलीकरण भी किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र मतदाता का गणना प्रपत्र भरना आवश्यक है। गणना प्रपत्र भरने के बाद बीएलओ मतदाता को हस्ताक्षरित प्रति रसीद के रूप में उपलब्ध कराते हैं तथा दूसरी प्रति अपने पास सुरक्षित रखते हैं।
