July 3, 2026

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में सभी राजनीतिक दलों का सहयोग जरूरी : उपायुक्त अखिल पिलानी

  • सभी राजनीतिक दलों के बीएलए सोमवार को बूथ लेवल पर सभी बीएलओ के साथ करेंगे मीटिंग
  • 15 जून से 14 जुलाई तक चल रहा है विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, 21 जुलाई को होगा प्रारंभिक प्रकाशन

नूंह, जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों—79-नूंह, 80-फिरोजपुर झिरका तथा 81-पुनहाना में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इस अभियान की सफलता के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों तथा बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) का सक्रिय सहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह बात शुक्रवार को लघु सचिवालय के कांफ्रेंस हॉल में आयोजित बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों के बीएलए सोमवार को बूथ लेवल पर सभी बीएलओ के साथ मीटिंग करेंगे और बीएलओ द्वारा बूथ लेवल पर की जा रही कार्यवाही को समझकर उनकी मदद करेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं। मतदाताओं को प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराना होगा, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही प्रकार से दर्ज किया जा सके। जिन मतदाताओं तक किसी कारणवश गणना प्रपत्र नहीं पहुंच पाया है, उनकी सूची भी तैयार की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बीएलओ के माध्यम से ईएसडी सूची तैयार कर उसका नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शन करें तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर आवश्यक सुझाव प्राप्त करें। इसके साथ ही संबंधित सूचनाएं निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर भी अपलोड की जाएंगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में वर्तमान में 655 मतदान केंद्र हैं। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण (रैशनलाइजेशन) के अंतर्गत 173 ऐसे मतदान केंद्र चिन्हित किए गए हैं, जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है। ऐसे केंद्रों के पुनर्गठन के उपरांत 100 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं, जिससे जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 755 हो जाएगी। इस संबंध में सभी राजनीतिक दलों से 6 जुलाई तक अपने सुझाव उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने बताया कि फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 21 जुलाई 2026 को किया जाएगा। इसके उपरांत 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक नए नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भर सकेंगे। आवेदन ऑनलाइन ECI Net App एवं Voter Service Portal के माध्यम से अथवा ऑफलाइन बीएलओ के पास जमा किए जा सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को अपना गणना प्रपत्र समय पर भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित जमा कराना चाहिए। यदि किसी मतदाता का नाम प्रारंभिक सूची में शामिल नहीं होता है तो वह निर्धारित अवधि के दौरान दावा प्रस्तुत कर अपना नाम शामिल करा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने सभी राजनीतिक दलों, बीएलए, बीएलओ तथा आम नागरिकों से निर्वाचन आयोग के इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और समयबद्ध सहयोग देने की अपील की, ताकि जिले की मतदाता सूची अधिक पारदर्शी, शुद्ध एवं विश्वसनीय बन सके।
इस अवसर पर एसडीम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, नगराधीश अप्रितम सिंह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *