मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में बच्चों के लिए स्केटिंग ट्रैक बनवाने की घोषणा की
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जिला अंबाला के नारायणगढ़ की अनाजमंडी में आयोजित जनसभा को सम्बोधित करते हुए अनेक घोषणाएं की तथा विकास कार्यो एवं सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 5 करोड़ रूपए की राशि देने की घोषणा की।
नारायणगढ़ में पहुंचने पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए विधायक शैली चौधरी और पूर्व विधायक डॉ पवन सैनी द्वारा नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यो के लिए अलग-अलग मांग पत्र रखा। इस पर मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय नारायणगढ़ में बच्चों के लिए स्केटिंग ट्रैक बनवाने की घोषणा की। गांव लखनौरा से गांव खानपुर लुबाना तक सडक़ बनवाने, गांव पजंलासा से अहमदपुर तक सडक़ बनवाने तथा नारायणगढ़ अनाजमंडी के सामने सनातन मैदान बनवाने, शहजादपुर में सीवरेज ट्रीटमेंन्ट प्लांट स्थापित करने, लौटो से डुमावाला तक सडक़ व मारकंडा नदी पर पुल की फिजिबलिटी चैक करवाकर बनवाने, गांव कड़ासन में फ्लाईओवर के लिए एनएचएआई से फिजिबलिटी चैक करवाकर बनवाने, राजकीय महिला आईटीआई हुसैनी मार्ग के लिए भूमि उपलब्ध होने पर भवन बनवाने, नारायणगढ़ व शहजादपुर में डिजीटल लाइब्रेरी खोले जाने बारे घोषणाएं की।
