July 1, 2026

बिलावल भुट्टो ने भारत को सिंधु नदी के पानी पर दे दी परमाणु हमले की धमकी

नई दिल्ली, भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि को लेकर जारी तनाव के बीच पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने एक बार फिर भारत के खिलाफ तीखा बयान दिया है। पाकिस्तान में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार को संबोधित करते हुए बिलावल ने कहा कि यदि पाकिस्तान के हिस्से का पानी रोकने की कोशिश की गई, तो इसे केवल कूटनीतिक विवाद नहीं बल्कि देश के अस्तित्व पर सीधा हमला माना जाएगा।

बिलावल ने दावा किया कि पाकिस्तान की परमाणु नीति में ऐसी परिस्थितियों का उल्लेख है, जहां देश की अर्थव्यवस्था या जल संसाधनों को गंभीर नुकसान पहुंचाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाता है। उन्होंने कहा कि यदि पानी को हथियार बनाकर पाकिस्तान पर दबाव बनाने की कोशिश हुई, तो उसका जवाब भी उसी गंभीरता से दिया जाएगा।

उन्होंने भारत पर सिंधु जल संधि का राजनीतिक दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। बिलावल ने कहा कि सिंधु नदी पाकिस्तान की जीवनरेखा है और उनका देश अपने पानी, संधि, संप्रभुता और भविष्य की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाएगा।

अपने संबोधन में बिलावल ने कहा- हम शांति चाहते हैं, लेकिन सम्मान के साथ। हम बातचीत चाहते हैं, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कानून के दायरे में। हम साथ रहना चाहते हैं, लेकिन किसी के सामने झुककर नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान अपने जल अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेगा।

गौरतलब है कि अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को स्थगित करने का फैसला लिया था। इसके बाद से पाकिस्तान लगातार इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उठा रहा है। पाकिस्तान की अधिकांश कृषि सिंधु नदी प्रणाली पर निर्भर होने के कारण यह संधि उसके लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है।

यह पहला मौका नहीं है जब बिलावल भुट्टो ने इस मुद्दे पर आक्रामक बयान दिया हो। इससे पहले भी वह सिंधु जल संधि को लेकर भारत के खिलाफ विवादित टिप्पणियां कर चुके हैं। अब एक बार फिर उनके बयान ने दोनों देशों के बीच इस संवेदनशील मुद्दे पर सियासी बयानबाजी को तेज कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *