बादल फटने से जम्मू-कश्मीर के डोडा में मची तबाही, बाढ़ से सड़कें बंद
कई गांवों से कटा कनेक्शन
श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में बुधवार को भारी बारिश के बीच दो स्थानों पर बादल फटने से अचानक बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। भलेसा क्षेत्र के कलालगीसर इलाके में हुई इस घटना के बाद बड़ी मात्रा में मलबा और पानी सड़कों पर आ गया, जिससे कई प्रमुख मार्ग बंद हो गए और आसपास के कई गांवों का संपर्क टूट गया।
प्रशासन के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। हालात पर जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मौसम सामान्य होने के बाद ही सड़कों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का काम शुरू किया जाएगा।
बाढ़ और मलबे के कारण भलेसा पट्टी के कई गांवों का सड़क संपर्क पूरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम को देखते हुए संवेदनशील इलाकों की यात्रा से बचें और केवल आवश्यक होने पर ही घरों से निकलें। साथ ही, मौसम विभाग और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा कि हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव दलों को तुरंत तैनात किया जाएगा।
