मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व गोरखनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी
गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन के आधार पर एक 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं पाई गई, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर के मोबाइल पर एक कॉल आई, जिसमें गोरखनाथ मंदिर और मुख्यमंत्री को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट हो गईं और कॉल करने वाले की तलाश शुरू कर दी गई।
मोबाइल लोकेशन ट्रेस होने के बाद गोरखपुर पुलिस और कुशीनगर जिले की पटहेरवा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार तड़के बलुआ तकिया गांव में छापेमारी कर 15 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पता चला कि किशोर मानसिक रूप से अस्वस्थ है और नशे का भी आदी बताया जा रहा है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2025 में भी यही किशोर श्रीराम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामलों में पुलिस के सामने आ चुका है। उस समय भी उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे छोड़ दिया गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, किशोर के माता-पिता लंबे समय से अलग-अलग रह रहे हैं और वह अपनी बुजुर्ग दादी के साथ रहता है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच पूरी करने के बाद किशोर को वापस उसके घर भेज दिया गया है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियां धमकी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।
