केतन हत्याकांड पर सिया के माता-पिता बोले – अगर बेटी दोषी है तो उसे भी किले से नीचे फेंक देना चाहिए
मुंबई, महाराष्ट्र के पुणे में केतन अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस जांच में इसे हत्या का मामला मानते हुए केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन बाबूलाल चौधरी को आरोपी बनाया है। इस बीच सिया के माता-पिता ने पहली बार मीडिया के सामने आकर भावुक प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि यदि उनकी बेटी दोषी साबित होती है तो उसे भी कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
सिया की मां पूजा गोयल ने कहा कि उनकी बेटी ने कभी भी केतन से शादी को लेकर किसी तरह की नाराजगी जाहिर नहीं की थी। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर के एक शाही महल में होने वाली थी। पूजा गोयल ने कहा कि केतन की मौत से सिर्फ एक नहीं, बल्कि दो परिवार बर्बाद हो गए हैं। मुझे केतन के परिवार से भी ज्यादा दुख हो रहा है। अगर मेरी बेटी ने यह अपराध किया है तो उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। अगर वह दोषी है तो उसे भी उसी जगह से नीचे फेंक देना चाहिए, जहां से केतन को गिराया गया था।
सिया के पिता प्रवीण गोयल ने भी अपनी पत्नी की बात का समर्थन किया। प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्हें अब भी इस घटना पर विश्वास नहीं हो रहा है।उन्होंने बताया कि केतन उनके परिवार का हिस्सा बन चुका था और वे उसे अपने बेटे की तरह मानते थे। उन्होंने कहा- उन्होंने अपना बेटा खोया है, लेकिन वह हमारा भी बेटा था। हम उससे बेहद प्यार करते थे। वह होनहार, मिलनसार और मददगार लड़का था। घर में मरम्मत, प्लंबिंग या किसी भी काम में वह हमेशा आगे रहता था और कभी मना नहीं करता था।
सिया के माता-पिता का कहना है कि उन्हें चेतन बाबूलाल चौधरी के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पूजा गोयल ने कहा कि सगाई के बाद सिया केवल केतन से ही बात करती थी। वहीं प्रवीण गोयल ने कहा कि उन्होंने आज तक चेतन को न देखा था और न ही वह कभी उनके घर आया। उन्होंने कहा कि दोनों परिवारों के बीच वर्षों पुराने अच्छे संबंध थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आमने-सामने की पूछताछ में सिया ने दावा किया कि वह केतन से शादी नहीं करना चाहती थी और उसने यह बात केतन को बता भी दी थी। सिया का आरोप है कि केतन शादी तोड़ने के लिए तैयार नहीं था और उसने अपने परिवार के प्रभाव का हवाला देते हुए कहा था कि वह इस रिश्ते से बाहर नहीं निकल पाएगी। हालांकि, सिया के इन दावों की पुष्टि अभी नहीं हुई है और उनकी सत्यता जांच के दायरे में है।
