ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 के सांस्कृतिक ऑडिशन संपन्न, दो दिनों में करीब 90 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
बंगाणा (ऊना), 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में आयोजित दो दिवसीय ऑडिशन शुक्रवार को संपन्न हो गए। ऑडिशन के दूसरे और अंतिम दिन करीब 40 स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पहले पहले दिन करीब 50 कलाकारों ने ऑडिशन में भाग लिया था। इस प्रकार दो दिनों में करीब 90 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि ऑडिशन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि चयनित कलाकारों को 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले पिपलू मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म के साथ पिपलू मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। तीन दिवसीय मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, डॉग शो तथा विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। 26 जून को आयोजित होने वाली स्टार नाइट मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया है तथा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर इसकी गरिमा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
