July 24, 2026

शिवसेना (यूबीटी) में बड़ी टूट की अटकलें तेज, 6 सांसद दिल्ली पहुंचे

संजय राउत ने लगाया खरीद-फरोख्त का आरोप

नई दिल्ली, महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आने की संभावना जताई जा रही है। ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बाद अब उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) में भी बड़ी टूट की अटकलें तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, पार्टी के 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसद मंगलवार रात चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचे हैं और वे आज लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं।

जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। इन सांसदों की बैठक शिंदे के पुत्र एवं सांसद श्रीकांत शिंदे के आवास पर होने की संभावना है, जिसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जा सकती है। शिवसेना (शिंदे गुट) के विधान परिषद सदस्य कृपाल तुमाने ने दावा किया है कि ऑपरेशन टाइगर के तहत पिछले एक महीने से इन सांसदों के साथ बातचीत चल रही थी और अब यह प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

उधर, शिवसेना (यूबीटी) के वरिष्ठ नेता संजय राउत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पार्टी बदलने के लिए सांसदों को 15-15 करोड़ रुपये अग्रिम राशि के रूप में दिए जा रहे हैं। राउत ने अपनी पोस्ट में लिखा- अपना सपना मनी-मनी। महाराष्ट्र के सांसदों को आज रात पार्टी बदलने के लिए 15 करोड़ रुपये एडवांस के तौर पर दिए जा रहे हैं। यह शर्मनाक है।

हालांकि, इससे पहले संजय राउत ने सांसदों के दल-बदल की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया था। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने हाल ही में कहा था कि जो भी पार्टी छोड़ना चाहता है, वह अपनी इच्छा से जा सकता है। उन्होंने कहा- मैं किसी पर दबाव नहीं बनाना चाहता। अगर कोई जाना चाहता है तो उसे जाने दीजिए। किसी को जबरदस्ती रोकने का कोई अर्थ नहीं है। जो लोग बाला साहेब ठाकरे की शिवसेना छोड़कर गए हैं, उन्हें भविष्य में पछताना पड़ेगा। राजनीतिक गलियारों में अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली संभावित बैठकों और उसके बाद आने वाले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *