हिसार के शहरी क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
केंद्र सरकार के 12 वर्ष की उपलब्धियों व जन कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार को लेकर वीरवार को सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के लोक कलाकारों ने औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गांव खासा महाजन तथा हिसार के शहरी क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कलाकारों ने लोकगीतों, भजनों तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाई। कलाकारों ने आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं, आयुष्मान वय वंदना योजना के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को प्रदान किए जा रहे लाभ, पीएम सूर्य घर योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने, पीएम स्वनिधि योजना तथा लखपति दीदी योजना के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने संबंधी जानकारी विस्तार से दी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मेधावी छात्र, पोस्ट मैट्रिक, हरियाणा राज्य मेरिट योजना सहित कौशल विकास के संबंध में सरकार द्वारा चलाए गए विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।
