June 10, 2026

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आईटीआई पधर में जागरूकता शिविर आयोजित

पधर,
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पधर में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण हेतु प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपमंडलाधिकारी (नागरिक) पधर सुरजीत सिंह ठाकुर थे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है, जिससे विशेष रूप से युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक सोच, जागरूकता और सहभागिता से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
जागरूकता शिविर के दौरान संस्थान के प्रशिक्षुओं ने नशे के दुष्प्रभाव विषय पर चित्रकला, स्लोगन लेखन एवं भाषण प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी पधर श्री टेक सिंह ठाकुर ने नशे के दुष्प्रभावों, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं से नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्थान के प्रशिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *