June 9, 2026

विद्युत विभाग की टीम ने नसलोह, फारसा व रोपड़ू गांव में औचक निरीक्षण किया

· बिजली चोरी पर 52 हजार से अधिक जुर्माना लगाया

मंडी,। विद्युत उप-मंडल मंडी नंबर-3 के सहायक अभियंता होशियार सिंह राणा ने आज यहां बताया कि विद्युत विभाग ने उनकी अगुवाई में कनिष्ठ अभियंता मुकेल चंद, फोरमैन सुमित कुमार सहित नसलोह, फारसा व रोपड़ू गांव में अचानक औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बिजली चोरी का मामला सामने आया है। इस अवैध विद्युत कनेक्शन के चलते आसपास के क्षेत्र में आपूर्ति बाधित हो रही थी।

विद्युत विभाग की टीम ने अचानक दबिश देकर अवैध कनेक्शन धारक पर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है और उसको करीब 52,802 रूपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी करना एक गंभीर व दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में विद्युत एक्ट की धारा-135 के तहत दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है और जेल होने का भी प्रावधान है।

उन्होंने यह भी बताया कि विद्युत विभाग चरणबद्ध तरीके से नए स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य कर रहा है। इससे उपभोक्ताओं को विद्युत की खपत में सटीकता, पारदर्शिता और शुद्धता आएगी। साथ ही बिजली चोरी पर भी लगाम लगेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपने वास्तविक और चालू मोबाइल नंबर अपनी सीओएन आईडी (कंज्यूमर आईडी) के साथ शीघ्र लिंक करने का आग्रह किया है, ताकि भविष्य में विद्युत बिल के संचार में कठिनाई पेश न आए। उन्होंने बताया कि यदि किसी विद्युत उपभोक्ता को अपने विद्युत बिल के संबंध में कोई शिकायत या परेशानी पेश आ रही हो तो वह सीधे उनके कार्यालय में आकर समाधान के लिए संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *