June 7, 2026

अमेरिका में भारतीय युवक की गोली मारकर हत्या

हैदराबाद, अमेरिका में तेलंगाना के एक युवक की गोली मारकर हत्‍या कर दी गई। युवक वहां पार्ट टाइम प‍िज्‍जा का काम करता था। घटना के समय वह एक ऑर्डर की ड‍िलीवरी देने गया था। आशंका जताई जा रही है क‍ि प‍िज्‍जा का आर्डर फर्जी था। 28 साल के अंशुल कुंचा की मौत अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य के उत्तर-पूर्वी शहर फिलाडेल्फिया में हुई। परिवार को मिली जानकारी के अनुसार, अंशुल तेलंगाना के मेडचल मल्काजगिरी जिले के गुंडलापोचमपल्ली का रहने वाला था। वह एक मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता था, लेकिन साथ ही वीकेंड पर एक्स्ट्रा कमाई के लिए पार्ट-टाइम पिज्‍जा डिलीवरी का काम भी करता था।
बताया गया है कि उसे देर रात एक सुनसान जगह पर पिज्‍जा डिलीवर करने का ऑर्डर मिला। जब वह वहां पहुंचा, तो दो अज्ञात लोगों ने उस पर गोली चला दी। उन्होंने अंशुल के सिर में कई गोलियां मारीं और फिर मौके से फरार हो गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वहां से कुछ भी चोरी नहीं हुआ, जिससे हत्या के पीछे के कारणों पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार को मिली रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के समय इलाके में दो नकाबपोश लोग बैग लेकर घूमते हुए भी देखे गए थे।
परिवार का आरोप है कि पिज्‍जा डिलीवरी का ऑर्डर उसे फंसाने के लिए एक जाल था।
अंशुल की बहन तान्वी ने कहा कि उसे एक सुनसान जगह पर पिज्‍जा डिलीवर करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन बाद में हमें पता चला कि यह एक फर्जी ऑर्डर था। वहां कोई नहीं था, यह उसे मारने के लिए बिछाया गया जाल था। हमें नहीं पता कि उनका मकसद क्या था।
परिवार ने यह भी बताया कि अंशुल पहले भी अमेरिका में लूट का शिकार हो चुका था, जिसमें उसका फोन, चेन और नकदी छीन ली गई थी। अंशुल 2023 में एमबीए की पढ़ाई करने अमेरिका गया था।
अब उसके परिवार ने केंद्र और राज्य सरकार से अपील की है कि उसके शव को जल्द से जल्द भारत लाने में मदद की जाए। बताया जा रहा है कि अमेरिकी अधिकारी संभवतः सोमवार तक शव परिवार को सौंप सकते हैं, लेकिन परिवार चाहता है कि यह प्रक्रिया जल्दी पूरी हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *